गिटऑप्स (GitOps)

यह क्या है

गिटऑप्स (GitOps) सॉफ़्टवेयर एप्लिकेशन और इन्फ्रास्ट्रक्चर को प्रबंधित करने की पद्धतियों का एक समूह है, जिसमें Git जैसी संस्करण नियंत्रण प्रणाली (version control system) में परिभाषित वांछित अवस्था (desired state) की उनकी वास्तविक अवस्था के साथ लगातार तुलना और सामंजस्य (reconciliation) किया जाता है। अवस्थाओं के सामंजस्य में डिप्लॉयमेंट या अपडेट के माध्यम से संसाधनों को परिभाषित अवस्था से मेल कराने के लिए बदलना शामिल है।

गिटऑप्स में, किसी सिस्टम की अवस्था या कॉन्फ़िगरेशन को सत्य के स्रोत (source of truth) में संग्रहीत फ़ाइलों में पूरी तरह वर्णित किया जाता है, जो आमतौर पर संस्करण नियंत्रण प्रणाली होती है। हालाँकि, यह कोई अन्य सत्य का स्रोत भी हो सकता है, जैसे कुबेरनेट्स ऑपरेटर (Kubernetes Operator) या आर्टिफ़ैक्ट स्टोरेज (Artifact Storage)। सत्य के स्रोत का मूल्यांकन उन स्वचालित प्रक्रियाओं द्वारा किया जाता है जो चालू सिस्टम को परिभाषित अवस्था के साथ संरेखित करती हैं। ये प्रक्रियाएँ आवश्यकतानुसार चालू सिस्टम को समायोजित करती हैं, जिससे एप्लिकेशन, इन्फ्रास्ट्रक्चर और परिचालन कार्यों में एकरूपता सुनिश्चित होती है।

समस्या

इन्फ्रास्ट्रक्चर और एप्लिकेशन कॉन्फ़िगरेशन को प्रबंधित करने के पारंपरिक तरीकों से कॉन्फ़िगरेशन ड्रिफ़्ट (configuration drift), असफल डिप्लॉयमेंट, असंगत वातावरण और ऐतिहासिक बदलावों को ट्रैक करने में कठिनाई हो सकती है। ये समस्याएँ अस्थिरता उत्पन्न कर सकती हैं और रखरखाव का बोझ बढ़ा सकती हैं। किसी नियंत्रक सत्य के स्रोत के बिना कॉन्फ़िगरेशन ड्रिफ़्ट का पता लगाना और उसे हल करना कठिन हो सकता है, जिससे आउटेज या विफलताओं को हल करने में लगने वाला समय बढ़ जाता है।

समाधान

गिटऑप्स संगठनों को संपूर्ण इन्फ्रास्ट्रक्चर, एप्लिकेशन विकास और डिप्लॉयमेंट जीवनचक्र को एकल एवं एकीकृत प्रक्रिया के माध्यम से प्रबंधित करने में मदद करता है।

गिटऑप्स संगठनों को कई अन्य लाभ भी प्रदान करता है, जैसे बदलावों की पारदर्शिता और अनुरेखणीयता (traceability), घोषणात्मक (declarative) अवस्थाओं के माध्यम से विश्वसनीयता और सुरक्षा, तथा रोलबैक, रिवर्ट और स्व-उपचार (self-healing) जैसी विशेषताएँ।


अंतिम बार संशोधित July 10, 2026: [hi] Localize gitops (5a49c03)